गोहाना, सोनीपत (हरियाणा)। आयुष विभाग और हरियाणा योग आयोग द्वारा पंचकूला (हरियाणा) से शुरू किया गया 75 लाख सूर्य नमस्कार अभियान का समापन हो गया। गांव खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में 15 हजार से अधिक युवाओं और विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार किए। युवाओं और विद्यार्थियों के जोश व जज्बे ने दिखा दिया कि आने वाला समय भारत का है और पूरे विश्व को योग के माध्यम से स्वस्थ बनाने के संकल्प को भी भारत ही पूरा करेगा।
कार्यक्रम अध्यक्ष योग ऋषि परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने कहा कि पूरी दुनिया को रोग मुक्त करना है तो भारत नेतृत्व करेगा। यह रास्ता योग से होकर चल रहा है। गलत खानपान के चलते विश्व में लोगों को बीमारियों ने घेर लिया है। प्राचीन समय से ही भारत का खानपान हमेशा पौष्टिक आहार वाला होता है। हमारे लोग पौष्टिक आहार खाने के साथ-साथ योग करते थे। उन्होंने समारोह में युवाओं और विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार की सभी प्रक्रियाओं का अभ्यास करवाया। हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डाॅ. जयदीप आर्य जी ने कहा कि 75 लाख सूर्य नमस्कार अभियान में साढ़े सात करोड़ लोगों ने अपनी आहुति डालकर विश्व कीर्तिमान स्थापित किया।
स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का संकल्प:योग ऋषि परम पूज्य स्वामी रामदेव जी महाराज ने विद्यार्थियों और युवाओं को देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का संकल्प करवाया। ऐसा करने से हमारा भारत देश आर्थिक रूप से मजबूत होगा। उन्होंने अपनी संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ऐसे काम करने का संकल्प करवाया जिससे हमारे देश को विश्व में अलग पहचान मिले। इसके साथ उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इतनी सक्षम बने कि देश में 70% राजनीति, संविधानिक, सेना और दूसरे विभागों के प्रमुख पदों पर उनकी हिस्सेदारी हो।युवाओं से वेदों का रास्ता अपनाने का किया आह्वान:पतंजलि योगपीठ हरिद्वार की पूज्या साध्वी डाॅ. देवप्रिया जी (महिला मुख्य केन्द्रीय प्रभारी) ने कहा कि हम योग से हर चीज को प्राप्त कर सकते है। दिमाग शरीर को अपने नियंत्रण में रखता है तो योग हमारी सांसों को नियंत्रण में रखता है। युवाओं से वेदों का रास्ता अपनाने का आह्वान किया। |